ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा की कबड्डी टीम को आज महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रो. अनिल शर्मा ने आगामी अंतर महाविद्यालय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए रवाना किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के तत्वावधान में 22 सितंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय भोरंज, जिला हमीरपुर में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर उपप्राचार्य प्रो. अनिल शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के खेल विभाग के इंचार्ज प्रो. सिकंदर नेगी ने बताया कि कबड्डी टीम ने प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी की है और खिलाड़ी पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर टीम मैनेजर डॉ. राम सिंह तथा खेल विभाग के सदस्य प्रो. कमलेश कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ ने कबड्डी टीम को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।