वारदात में इस्तेमाल जिगाना पिस्टल, 8 कारतूस और एक्सयूवी 500 गाड़ी बरामद
पंचकूलाः सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब में हुई फायरिंग के मामलें में कड़ी कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में मामले के मुख्य आरोपी को खरड़, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, निवासी जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है।
View this post on Instagram
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत और करनजीत सिंह (सभी निवासी फिरोजपुर को पहले ही 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू ने ही क्लब के अंदर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।
रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई जिगाना पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस तथा भागने में प्रयोग की गई एक्सयूवी 500 गाड़ी सफलतापूर्वक बरामद कर ली है। फिलहाल हमारी टीम आरोपी से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
ये था पूरा मामला
गत 13 सितंबर को पुलिस चौकी सेक्टर-10 पंचकूला को नाइट क्लब अलिफ लैला में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इस संबंध में थाना सेक्टर-5 में भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।