ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने चेन स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं को सुलझाते हुए दोनों मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस थाना चिंतपूर्णी और पुलिस थाना बंगाणा में दर्ज इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फील्ड इंटेलिजेंस और मानवीय स्रोतों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र में एक महिला अपने पति के इलाज के लिए दवाइयां लेकर होशियारपुर से लौट रही थी। घर जाते समय रास्ते में मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके कानों की बालियां छीन लीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी तरह 14 अगस्त 2026 को बंगाणा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों द्वारा एक महिला की सोने की चेन कथित तौर पर छीनने की घटना सामने आई। इस मामले में भी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना चिंतपूर्णी और बंगाणा की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। थाना बंगाणा प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला ऊना के स्पेशल सेल की मदद से एक आरोपी सुखदेव सिंह उर्फ केवा निवासी बूट, सुभानपुर, जिला कपूरथला, पंजाब को 24 अगस्त 2026 को उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
जांच आगे बढ़ने पर दूसरे आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई। उसकी गिरफ्तारी के लिए कपूरथला में विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। जांच में पुलिस थाना चिंतपूर्णी की टीम ने भी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की पहचान चिंतपूर्णी में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में कथित मुख्य आरोपी के रूप में की। जांच के दौरान बंगाणा की घटना में भी उसकी भूमिका सामने आई।
पंजाब पुलिस के साथ समन्वय और लगातार किए गए प्रयासों के बाद फरार चल रहे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी लैटां पुत्र गुरमीत सिंह निवासी बूट, तहसील व जिला कपूरथला, पंजाब को पुलिस थाना बंगाणा की टीम ने ट्रेस कर 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस थाना चिंतपूर्णी और पुलिस थाना बंगाणा में दर्ज दोनों चेन स्नैचिंग के मामलों को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस द्वारा मामलों में आगामी जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा कीमती सामान और आभूषणों की सुरक्षा का ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार, आमजन की सतर्कता अपराध की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।