वीजा के नाम पर पासपोर्ट रोकने का आरोप, पहुंची पुलिस
जालंधर: ताज मार्केट स्थित रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में मलेशिया भेजने के नाम पर एक युवक का पासपोर्ट रोकने और विवाद होने का मामला सामने आया है। लुधियाना के राहों रोड (बस्ती जोधेवाल) के रहने वाले पीड़ित संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि उसने मलेशिया का वर्क परमिट लगवाने के लिए ट्रैवल एजेंसी को पासपोर्ट दिया था। हालांकि कंपनी की ओर से उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजने की तैयारी की जा रही थी। जब उसने अपना पासपोर्ट वापस मांगा तो एजेंसी संचालकों ने पासपोर्ट लौटाने से इनकार कर दिया और 3000 रुपए की मांग की, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
घटना के दौरान स्थिति उस वक्त ज्यादा तनावपूर्ण हो गई जब पीड़ित पक्ष ने अपना पासपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने के लिए दफ्तर से एक मोबाइल फोन उठा लिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। पीड़ित परिवार की तरफ से मौके पर बुलाई गई मीडिया टीम के साथ भी एजेंसी के स्टाफ द्वारा अभद्रता और गाली-गलौज करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने कोई पैसा नहीं दिया था, सिर्फ डील की बात हुई थी, लेकिन एजेंसी जबरदस्ती कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। जांच अधिकारी एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि फोन उठाने और पासपोर्ट रोकने के दोनों आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है। वहीं मौके पर पहुंचे समाजसेवी सम्राट ने कहा कि कानून हाथ में लेकर फोन उठाना गलत कदम था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी पड़ताल के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।