यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट बोली- हायर अथॉरिटी बयान देगी, विदेशी युवती भी चपेट में
जालंधरः लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) को लेकर जालंधर की लेडी डॉक्टर मनदीप कौर ने चौंकाने वाला दावा किया है। एक फर्टिलिटी सेंटर की डॉ. मनदीप कौर ने कहा कि LPU से शाम को एक लिव इन कपल अबॉर्शन के लिए आ जाता है, उन्हें अनवॉन्टेड प्रेग्नेंसी यानी अनचाहा गर्भ धारण हो जाता है।
इनमें कई बार विदेशी युवतियां भी होती हैं। उन्होंने एक विदेशी युवती को भी गर्भ गिराने वाली किट दी। उनके इस दावे को लेकर सवाल खड़े होने लगे तो उन्होंने फिर दूसरा वीडियो जारी किया। जिसमें डॉ. मनदीप ने कहा कि किसी भी डॉक्टर को पूछ लो, यहां से सबसे ज्यादा कपल आते हैं।
मेरा मकसद सिर्फ युवाओं को जागरूक करने का था। वहीं डॉक्टर के दावे को लेकर LPU मैनेजमेंट से बात की तो उन्होंने कहा कि इसके बारे में हायर अथॉरिटी को सूचना दे दी है। वही इस पर ऑफिशियल बयान जारी करेंगे। जब डॉक्टर मनदीप कौर के अस्पताल के दिए नंबर पर बात की तो रिसेप्शन से बताया गया कि डॉक्टर अभी मौजूद नहीं है।
डॉ. मनदीप कौर ने कहा- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से शाम के समय कई बार लिव-इन में रहने वाले कपल आ जाते हैं और उन्हें अनचाहा गर्भ ठहरा होता है। कई बार दूसरे देशों के स्टूडेंट्स भी होते हैं। एक बार दूसरे देश की एक लड़की आई, जिसके साथ उसका पार्टनर नहीं आया था। वह गर्भवती थी। हमने उससे सहमति ली और उसे एमटीपी किट दे दी। फिर हमने उससे कहा कि एक हफ्ते बाद दोबारा जांच के लिए आना। डॉ. मनदीप कौर ने कहा- जब वह विदेशी युवती एक हफ्ते बाद वापस आई, तो उसकी फाइल के पीछे एक बहुत लंबी चिट्ठी लिखी हुई थी। उसने अपने अजन्मे बच्चे के नाम वह चिट्ठी लिखी थी कि तुम मेरी पहली संतान हो, लेकिन इस समय मेरी परिस्थितियां ऐसी नहीं हैं। वह बहुत ही भावुक चिट्ठी थी। उसने लिखा था कि मैं एक तरह से तुम्हारा गला घोंट रही हूं। मैं ऐसा नहीं करना चाहती थी, लेकिन मेरे हालात ऐसे हो गए हैं कि मुझे यह कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर आप संबंध बना भी रहे हैं, तो इतने समझदार बनिए कि अनचाहा गर्भ न ठहरे।
पहले वीडियो में LPU को टारगेट करने का मुद्दा उठा तो डॉ. मनदीप कौर ने दूसरा वीडियो जारी करते कहा- लवली यूनिवर्सिटी वाले वीडियो पर किसी ने मुझे मैसेज किया कि तूने अपने व्यूज बढ़ाने के लिए लवली का नाम क्यों लिया?। मैंने लवली यूनिवर्सिटी का नाम इस करके नहीं लिया, आप जालंधर के किसी भी डॉक्टर को पूछ लोगे न, उसके पास यहां के स्टूडेंट्स आएंगे मिसकैरेज की दवाई लेने के लिए।