जालंधर, ENS: दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) एक शानदार मौका लेकर आया है। आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक (पर्यटन, चंडीगढ़) हर्षदीप ने जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दक्षिण भारत यात्रा के लिए विशेष टूर पैकेज की घोषणा की। इस दौरान उनके साथ फिरोजपुर डिवीजन नॉर्दन रेलवे के PRI विक्रांत जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हर्षदीप ने बताया कि यह विशेष धार्मिक ट्रेन 14 नवंबर को जम्मू से रवाना होगी और 26 नवंबर को 12 रात और 13 दिन की यात्रा पूरी करके वापस लौटेगी। पंजाब और आसपास के यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली और ग्वालियर से बोर्डिंग और डिबोर्डिंग (चढ़ने-उतरने) की सुविधा दी गई है। इस पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन सहित 5 मुख्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
यह एक फुल्ली लोडेड ऑल-इनक्लूसिव पैकेज है, जिसमें यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने का झंझट नहीं रहेगा। तय बजट में ही यात्रियों के रहने के लिए होटल, सुबह-शाम की चाय-नाश्ता, तीनों समय का शुद्ध शाकाहारी भोजन, दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए बस सुविधा और स्टेशन से होटल तक ट्रांसफर शामिल है। खाना ट्रेन की खुद की पेंट्री कार में ही ताजा तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में 24 घंटे फर्स्ट-एड बॉक्स उपलब्ध रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर अगले नजदीकी स्टेशन पर डॉक्टर की व्यवस्था भी की जाएगी।
टूर पैकेज को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। पहली ‘इकॉनमी कैटेगरी’ (स्लीपर क्लास) का किराया लगभग ₹24,000 प्रति व्यक्ति है, जिसमें नॉन-एसी बस और नॉन-एसी होटल की सुविधा मिलेगी। दूसरी ‘स्टैंडर्ड कैटेगरी’ (थर्ड एसी) का किराया ₹42,000 प्रति व्यक्ति है, जिसमें एसी होटल और नॉन-एसी बस सुविधा रहेगी। तीसरी ‘कंफर्ट कैटेगरी’ (सेकंड एसी) का किराया ₹56,000 प्रति व्यक्ति तय किया गया है, जिसमें एसी होटल के साथ-साथ भ्रमण के लिए भी एसी बस मिलेगी। ट्रेन में कुल सीटों की संख्या के तहत स्लीपर क्लास में 480, थर्ड एसी में 210 और सेकंड एसी में 50 सीटें उपलब्ध हैं।
इच्छुक श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट (www.irctctourism.com) पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के चंडीगढ़ (सेक्टर 34) स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि यदि कैंसिलेशन की स्थिति बनती है, तो यात्रा से 15 दिन पहले रद्द करने पर ₹250 प्रति व्यक्ति, 8 से 14 दिन पहले 50%, 4 से 7 दिन पहले 75% शुल्क कटेगा, जबकि 4 दिन से कम समय रहने पर कोई रिफंड नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों ने जालंधर वासियों से इस यात्रा में बढ़-चढ़कर बुकिंग कराने की अपील की है।