सूरतः आजकल युवाओं में रील, स्टंट और सोशल मीडिया पर वायरल का काफी क्रेज है। ऐसे में कई बार लोग कैमरे के सामने ऐसा कुछ करने निकल पड़ते हैं, जो कुछ सेकंड की वीडियो तो बना देता है, लेकिन जिंदगी भर का नुकसान भी कर सकता है। वहीं ताजा मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है, जहां रील का क्रेज एक युवक के साथ हादसा हो गया। दरअसल, रील के क्रेज में युवक को स्टंट करना भारी पड़ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें युवक रेलवे ओवरब्रिज से अचानक नीचे गिरता दिखाई देता है। ओवरब्रिज की ऊंचाई करीब 40 फीट है।
View this post on Instagram
इतनी ऊंचाई से कोई सीधे जमीन पर गिरे तो क्या हो सकता है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं। लेकिन यहां कहानी में एक ऑटो रिक्शा था। युवक जमीन पर नहीं, बल्कि नीचे खड़े एक ऑटो रिक्शा के ऊपर जा गिरता है। ऑटो क्षतिग्रस्त हो जाता है, युवक को चोटें आती हैं, लेकिन उसकी जान बच जाती है। युवक के गिरते ही आसपास मौजूद लोग दौड़कर उसके पास पहुंचते हैं। घायल युवक की पहचान 21 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है। मोनू मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल गुजरात के कडोदरा इलाके में नौकरी करता है। घटना के वक्त वह अपने एक दोस्त के साथ कीम रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा था। दोनों युवक ब्रिज के पिलर के ऊपर चढ़ गए थे। वायरल वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि मोनू ब्रिज के एक पिलर से दूसरे पिलर की तरफ फ्लिप या स्टंट करने की कोशिश कर रहा था।
दोनों पिलरों के बीच लोहे का एक गैप था। बताया जा रहा है कि मोनू इसी हिस्से से नीचे उतरने या कूदने की कोशिश कर रहा था। लेकिन अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और फिर… वह करीब 40 फीट नीचे जा गिरा। नीचे सड़क किनारे दो ऑटो रिक्शा खड़े थे। मोनू इनमें से एक ऑटो पर जा गिरा। ऑटो को नुकसान हुआ, लेकिन मोनू की जान बच गई। हालांकि पुलिस के सामने मोनू ने एक अलग कहानी बताई है। कीम पुलिस स्टेशन की पुलिस इंस्पेक्टर किरनबा जाडेजा के मुताबिक, युवक ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने की जल्दी में था। उसका दावा है कि वह जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट रास्ता अपनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।
यानी एक तरफ वायरल वीडियो और शुरुआती जानकारी में स्टंट की बात सामने आ रही है। दूसरी तरफ युवक पुलिस को शॉर्टकट लेने की कहानी बता रहा है। सच्चाई क्या है, यह जांच का विषय हो सकता है। लेकिन सीसीटीवी में जो दिखाई दे रहा है, वह इतना जरूर बताता है कि कुछ सेकंड की एक गलती कितनी भारी पड़ सकती थी। घटना ने एक बार फिर वही सवाल खड़ा कर दिया है- चाहे रील हो, स्टंट हो या फिर जल्दी पहुंचने के लिए लिया गया कोई खतरनाक शॉर्टकट… क्या कुछ सेकंड की जल्दी या वायरल होने की चाहत के लिए जान को जोखिम में डालना जरूरी है?