आगराः नगर निगम के हाउस टैक्स विभाग में आज अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। इस घटना को लेकर कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार कमरा नंबर 101 में सुबह 9:30 बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान बिजली का स्विच ऑन करते ही चिंगारी निकली, जिससे पास रखे कागजों में आग लग गई। कागजों में आग लगने के बाद पास लगे पर्दे ने भी आग पकड़ ली। कुछ ही देर में कमरे से धुआं उठने लगा।
कमरे में हरीपर्वत जोन का कार्यालय संचालित होता है और यहां टैक्स से संबंधित फाइलें रखी थी। आग की चपेट में आने से कई फाइलें और अन्य सामान जल गया। हालांकि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के दौरान कमरे में कुछ कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया। आग की चपेट में आने से दो कुर्सियां और एक मेज पूरी तरह जल गईं, जबकि कमरे में बने एक केबिन को भी नुकसान पहुंचा है।
सबसे अहम बात यह है कि कमरा नंबर 101 में हाउस टैक्स कलेक्शन से संबंधित बिल बुक और फाइलें रखी जाती हैं। आग में बड़ी संख्या में हाउस टैक्स की बिल बुक जल गईं। इसके अलावा एक अलमारी में रखी कुछ फाइलें भी आग की चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कमरे को खाली करा दिया गया। आग बुझाने के दौरान कमरे में काफी पानी भर गया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कराया है।
आग लगने के कारण नगर निगम कार्यालय का कामकाज करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके से रवाना हुई, जिसके बाद कर्मचारियों ने दोबारा कार्यालय में प्रवेश किया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। आग में जली फाइलों और अन्य सामान का आकलन किया जा रहा है। हाउस टैक्स से जुड़े अभिलेखों के जलने के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और कमरे में अग्निशमन सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।