चण्डीगढ: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि देश में हुए स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में फरीदाबाद शहर ने 14वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। यह फरीदाबादवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। इसके लिए जनता बधाई की पात्र है। शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में फरीदाबाद की रैंकिंग में लगातार सुधार दर्ज हुआ है। वर्ष 2023 में फरीदाबाद शहर 47वें स्थान पर था, जो 2024 में सुधरकर 21वें स्थान पर आया।
शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री ने कहा कि सरकार की पहल पर नगर निगम ने धूल नियंत्रण के लिए बड़ी संख्या में एंटी स्मॉग गन से छिड़काव करवाया, जिससे हवा में मौजूद धूल के कणों को कम करने में सहायता मिली।
वन और नमो वन जैसी योजनाओं से हरित गलियारा विकसित
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि जनभागीदारी एवं प्रोत्साहन से शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए विशेष कार्य किए गए। इसी कड़ी में इको वन और नमो वन जैसी योजनाओं की भी शुरुआत हुई।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि शहर में इको वन, टाउन पार्क जैसे सार्वजनिक स्थलों को विकसित किया गया, जिसका उद्देश्य शहर को हरा भरा और स्वच्छ एवं सुन्दर बनाना रहा है। इसके अलावा पेवमेंट वर्क के तहत सड़कों और खुले क्षेत्रों को व्यवस्थित ढंग से करने के कार्य भी तेजी से हुए।