जालंधरः महानगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस और ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने तेज मोहन नगर में गौरव मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोलियां व नार्कोटिक ड्रग्स बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, एसीपी आतिश भाटिया और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त अगुवाई में पुलिस टीम ने तेज मोहन नगर स्थित गौरव मेडिकल स्टोर पर रेड की। टीम ने मेडिकल स्टोर की जांच करते हुए वहां रखी दवाइयों और अन्य सामान की पड़ताल की।
भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद
छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोलियां और नार्कोटिक ड्रग्स बरामद हुए। इन दवाओं को लेकर पुलिस और ड्रग विभाग ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा बरामद दवाओं की जांच भी की जा रही है।
आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों में मचा हड़कंप
तेज मोहन नगर में अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद आसपास के बाजारों में भी हलचल बढ़ गई। इलाके के दूसरे मेडिकल स्टोर संचालकों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा है कि अगर कोई मेडिकल स्टोर बिना नियमों के प्रतिबंधित दवाइयां बेचता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस रद्द करने की भी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही संबंधित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार या प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।