ऊना,सुशील पंडित: नशे के खिलाफ जिला पुलिस ऊना की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने कोटला खुर्द में एक मोटरसाइकिल से 11.57 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की शाम पुलिस चौकी शहर ऊना के जांच अधिकारी एएसआई प्यार चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम गुप्त सूचना के आधार पर शिव मंदिर, कोटला खुर्द के समीप मौजूद थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा 11.57 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक कुलवंत सिंह उर्फ गोशा और उसके साथी मनप्रीत उर्फ लवली, दोनों निवासी गांव हरमा, डाकघर नैणवां, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सप्लाई नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अब केवल बरामद नशे की खेप और आरोपियों तक सीमित न रहकर इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जांच के दौरान आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उनके आसपास चिट्टा, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का संदेश है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक छोटी-सी सूचना किसी युवा का भविष्य बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।