बड़ूही बाजार के समीप दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा; दोनों वाहनों के उड़ गए परखच्चे
ऊना,सुशील पंडित: ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह बड़ूही बाजार के समीप दिलवां में दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों कारों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के एयरबैग समय पर खुल गए, अन्यथा हादसे में जानमाल का नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आल्टो कार संख्या (एचपी-19 ए वी-2339) ऊना की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी ओर ब्रेजा कार संख्या (एच आर-10 ए जी-4412) में सवार लोग पहेवा, हरियाणा से मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दिलवां के समीप ब्रेजा कार चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही आल्टो कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार अंब की दिशा में जा रही थी, लेकिन जोरदार टक्कर के बाद उसका मुंह घूमकर ऊना की दिशा में हो गया। दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आल्टो कार में सवार चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद निवासी नकड़ोह ने दम तोड़ दिया।
वहीं घायल गौरव जसवाल, अन्वी जसवाल और आरव जसवाल, सभी निवासी नकड़ोह, का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार चल रहा है। मृतक राजेंद्र प्रसाद और घायल सभी एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। राजेंद्र प्रसाद घायल गौरव जसवाल के पिता थे, जबकि अन्वी जसवाल और आरव जसवाल उनके पोती और पोते हैं। जानकारी के अनुसार गौरव जसवाल अपने पिता राजेंद्र प्रसाद को दवाई दिलाने के लिए ऊना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में दिलवां के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया।
वहीं हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार में सवार दो लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। कुछ समय तक वाहन एक ही लाइन से गुजरते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में ब्रेजा कार चालक युवराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।