नई दिल्लीः सरकार ने ब्रिक्स (BRICS) समिट को देखते हुए 11 सितंबर को छुट्टी का ऐलान किया है। जिसके चलते राजधानी के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस बारे में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने आदेश जारी करते हुए छुट्टी की घोषणा की। आदेश के अनुसार इस दौरान दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी दफ्तर, स्वशासी निकाय और PSU कार्यालय के अलावा स्कूल व कॉलेज बंद रहेंगे। इस ब्रिक्स समिट का आयोजन 12 और 13 सितंबर तक प्रगति मैदान के ‘भारत मंडपम्’ में किया जाएगा।

ब्रिक्स (BRICS) समिट के मद्देनजर बड़े पैमाने पर सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यवस्थाएं की जानी हैं। केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रखने का निर्णय इसी व्यवस्था और आम जनता को संभावित परेशानी कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
चौथी बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा है भारत
भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में तीन बार BRICS की अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। वर्ष 2026 BRICS के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी साल इस समूह की स्थापना के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं।