जालंधर, ENS: पंजाब भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया 3 दिवसीय राज्य दौरे पर है। ऐसे में आज लांयस क्लब में भाजपा के प्रोग्राम को लेकर वह पहुंच रहे है, लेकिन उनके पहुंचने से पहले आप पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर विरोध किया जा रहा है। वहीं पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर आप नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रोग्राम स्थल से दूर किया गया है। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है, ताकि किसी भी प्रकार का माहौल खराब ना हो सके। लेकिन हाथों में तख्तियां लेकर आप नेता सज्जन सिंह मामले में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है। तख्तियों पर लिखा है कि कांग्रेस कात्ल और भाजपा हमदर्द।
दरअसल, 1984 के सिख विरोधी दंगों के सजायाफ्ता दोषी और पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार के निधन पर उनके घर जाकर शोक व्यक्त करना भारतीय जनता पार्टी के 3 सांसदों को भारी पड़ गया। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया और पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत को तलब कर कड़ी फटकार लगाई थी और भविष्य में ऐसी अनुशासनहीनता नहीं दोहराने की सख्त हिदायत दी थी। लेकिन इस मामले को लेकर पंजाब में आप पार्टी द्वारा भाजपा के खिलाफ जमकर विरोध किया जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए आप नेता ने कहाकि भाजपा का दोहरा चेहरा अब जनता के सामने आ गया। उन्होंने कहा कि सिखों के कातिल सज्जन कुमार के निधन पर भाजपा के 3 सासंद उनके घर में शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इस मामले को लेकर पंजाबियों में भारी रोष पाया जा रहा है। दरअसल, एक ओर भाजपा पंजाब के सिखों के प्रति हमदर्दी दिखा रही है और दूसरी तरफ भाजपा के सासंद सिखों के कातिल के घर जाकर शोक व्यक्त कर रहे है। इसी को लेकर आज आप पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।