जालंधर, ENS: फिल्लौर में भीषण सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां हाईवे पर स्टील बैरिकेड से बाइक की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना लोगों द्वारा सड़क सुरक्षा फ़ोर्स की टीम को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फ़ोर्स (SSF) की टीम के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर से मिली थी।
सूचना के आधार पर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर जालंधर साइड से लुधियाना की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि पृथ्वी रिसॉर्ट के सामने हाईवे पर मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह सड़क किनारे लगी स्टील बैरिकेड से जा टकराया, जिस कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसएसएफ टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया और घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा भेजा गया। इस दौरान मोटरसाइकिल को सुरक्षित जगह पर एक ढाबे पर रखवा दिया गया। हादसे के संबंध में थाना फिल्लौर के नाइट मुंशी को फोन द्वारा सूचित कर दिया गया। हादसे में घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।