चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के दूसरे दिन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के विरूद्ध अशोभनीय भाषा इस्तेमाल कर मर्यादा भंग करने को लेकर विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव सदन में रखा। प्रस्ताव के समर्थन में 15 से अधिक सदस्य खड़े हुए, जिसके बाद प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया।
वे पिछले दो वर्षों से सदन की कार्यवाही देख रहे हैं। माननीय विधानसभा अध्यक्ष ने सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों को बराबर समय दिया है, बल्कि जितना समय सत्तापक्ष को दिया, उससे भी अधिक समय विपक्ष को दिया गया। कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ द्वारा सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से मानहानि तथा हरियाणा विधानसभा के माननीय अध्यक्ष के विरुद्ध उनके पद के प्रति पक्षपात एवं पूर्वाग्रह जैसे आरोप लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर अपमानजनक एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए गंभीर आरोप एवं प्रतिकूल टिप्पणी की गई है।
गंगवा ने कहा कि यह अनुचित व्यवहार है तथा माननीय अध्यक्ष की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला मामला है। उन्होंने इसे विशेषाधिकार हनन एवं सदन की अवमानना का विषय बताते हुए मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजने का अनुरोध किया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर विशेषाधिकार समिति को भेजने का निर्णय लिया गया।