अमृतसरः अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरलाइन की खराब सर्विस और फ्लाइट में भारी देरी को लेकर यात्रियों के हंगामे का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री स्पाइसजेट के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे है।
यात्रियों ने बताया कि उनकी फ्लाइट सुबह 11 बजे थी, लेकिन बाद में इसे करीब 17 घंटे के लिए टाल दिया गया। यात्रियों के मुताबिक वे सुबह 4 बजे से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे है, लेकिन एयरलाइन काउंटर पर मौजूद स्टाफ उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे रहा है। यात्रियों ने कहा कि न तो टिकट का रिफंड दिया जा रहा है और न ही किसी दूसरी फ्लाइट या टिकट का इंतजाम किया जा रहा है।
इसके अलावा छोटे बच्चों और परिवारों के साथ आए यात्रियों के लिए होटल या रहने का कोई सही इंतजाम नहीं किया गया है। गर्मी में लंबे समय से एयरपोर्ट पर बैठे बच्चों, महिलाओं और अन्य यात्रियों की परेशानियां बढ़ रही है। स्टाफ की तरफ से साफ जवाब न मिलने के कारण यात्रियों में काफी गुस्सा था। यात्रियों ने मांग की है कि एयरलाइन इस मामले में जिम्मेदारी तय करे और तुरंत कोई समाधान निकाले।
एक यात्री ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से न तो उचित जानकारी दी जा रही है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या सुनने के लिए सामने आ रहा है। उन्हें रिफंड को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। साथ ही वैकल्पिक टिकट उपलब्ध करवाने या ठहरने की व्यवस्था के बारे में भी एयरलाइन की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई।