अमृतसर: सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के पास स्थित KC होटल में ग्राहकों से आधार कार्ड और अन्य आईडी प्रूफ मांगने को लेकर विवाद हो गया। ये विवाद तब गंभीर हो गया जब होटल मालिक की पिटाई और होटल में तोड़फोड़ के आरोप सामने आए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
होटल मालिक रॉकी ने बताया कि होटल में कुछ लड़कियों को कमरा दिया गया था। कुछ देर बाद दो युवक वहां पहुंचे और उस कमरे में जाने की जिद करने लगे। होटल मालिक के अनुसार उन्होंने युवकों से होटल के नियमों के तहत आईडी प्रूफ दिखाने को कहा। होटल मालिक का आरोप है कि युवकों ने आधार कार्ड देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई।
आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक 5-6 अन्य युवकों के साथ वापस आए और उनकी पिटाई करने लगे। इस दौरान होटल की खिड़कियां तोड़ने और अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगे हैं। होटल मालिक के अनुसार हमले के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सिर पर किसी कठोर या नुकीली चीज से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल होटल मालिक को इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।
बी-डिवीजन पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी सतनाम सिंह ने कहा कि होटल मालिक द्वारा लगाए मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों की जांच की जा रही है। फुटेज की भी पुष्टि की जा रही है। जांच के दौरान घटना में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, होटल के मालिक रोकी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल असली लोगों और विवाद की पूरी वजह का पता चल पाएगा।