गुरदासपुरः मसीह भलाई बोर्ड पंजाब के सदस्य कुछ ही दिन पहले बनाए गए धारीवाल निवासी मसीह नेता साबा भट्टी के खिलाफ पुलिस ने एक महिला के घर आकर उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ के आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की है। महिला का आरोप है कि साबा भट्टी उस पर पिछले काफी समय से बुरी नजर रखता था। उनका उनके पड़ोसियों के साथ कुछ समय पहले झगड़ा हुआ था जिसका उन्होंने राजीनामा कर लिया था पर साबा भट्टी नहीं चाहता था कि वह राजीनामा करें। जब उन्होंने साबा भट्टी की बात नहीं मानी तो वह अपने साथियों के साथ उनके घर आ गया और महिला को घर से बाहर निकालकर मारपीट और छेड़छाड़ की।
पुलिस द्वारा साबा भट्टी, उसके साथी संदीप और संदीप की मां परवीन को घर आकर हमला करने और निर्वस्त्र करने के इरादे से बल प्रयोग करने के आरोपों के तहत विभिन्न धाराओं के तहत मामले में नामजद किया गया है। आरोप लगाने वाली महिला मोनिका ने बताया कि वह अपने घर में घरेलू काम कर रही थी कि साबा भट्टी, परवीन पत्नी अनवर मसीह और परवीन का बेटा संदीप वासी फत्तेनंगल उसके घर के अंदर आ गए और आते ही उसे साबा भट्टी ने बालों से खींचकर घर के बाहर गली में ले आया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि साबा भट्टी ने महिला की छाती पर अपने नाखूनों से खरोंच मारी।
हमलावर यहीं नहीं रुके उन्होंने महिला को पैरों से लातें मारी और पेट में भी लातें मारीं। शोर मचने पर जब भीड़ इकट्ठा हो गई तो हमलावर जान से मारने की धमकियां देकर मौके से भाग गए। महिला का कहना है कि साबा भट्टी ने उसके घर वालों को मोहरा बनाकर उनके पड़ोसी प्रिंस नाम के युवक के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया था पर गलती का एहसास होने पर उन्होंने प्रिंस के साथ राजीनामा कर लिया जिससे साबा भट्टी नाराज हो गया और इस हरकत को अंजाम दिया। उसका आरोप है कि साबा भट्टी अब भी उसे धमकियां दे रहा है और अपनी पहुंच की धौंस दिखाकर मामला वापस लेने का दबाव बना रहा है। सरकार से अपील की कि ऐसे आदमी को किसी तरह का पद नहीं देना चाहिए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करके हमें इंसाफ दिलाना चाहिए।