देहरादूनः राजधानी देहरादून के बल्लूपुर चौक पर पेट्रोल पंप के पास भारी हंगामा हो गया। दरअसल, गाड़ी हटाने का कहने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कई युवकों ने हेलमेट, लाठी, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में व्यक्ति गंभीर रूप घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार कैलाशपुरी निवासी पीड़ित नवीन भाटिया जब भारत पेट्रोलियम के पंप पर तेल भरवाने के लिए रुके, तो कार हटाने को लेकर बाइक सवार युवकों से विवाद हो गया। बहस बढ़ते ही बाइक सवार युवक भड़क गए और उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर कार पर चाकू, हेलमेट, लाठी और रॉड से हमला कर दिया।
हमलावरों ने हेलमेट से कार के शीशे तोड़ दिए और नवीन को पीटते हुए पंप से दूर ले जाने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें अधमरा होने तक पीटा। आसपास मौजूद लोगों ने पीड़ित नवीन भाटिया को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें नौजवानों द्वारा गुंडागर्दी का नंगा नाच साफ देखने को मिल रहा है। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़ित की शिकायत पर बसंत विहार थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नवीन भाटिया ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे वह घर से बाहर जा रहे थे। घर के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर एक युवक बैठा था। उन्होंने युवक से मोटरसाइकिल हटाने को कहा तो वह बहस करने लगा। आरोप है कि इसके बाद जब नवीन भाटिया अपनी कार से भारत पेट्रोल पंप, बल्लूपुर चौक के पास पहुंचे तो वही मोटरसाइकिल सवार युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें घेरकर हेलमेट, लाठी, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए। बसंत विहार थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।