गयाजीः बिहार के गयाजी जिले के वजीरगंज बाजार में जेडीयू के स्थानीय नेता के घर पर आकाशीय बिजली गिरने की खौफनाक वीडियो कैद हुई है। दरअसल, बारिश के दौरान बच्चे घर की छत पर रील बनाने पहुंचे थे। रील बनाने के दौरान आकाशीय बिजली छत पर गिरी। तीनों बच्चे बिजली की चपेट में आने से बाल बाल बच गए। नगर पंचायत वजीरगंज के बाजार स्थित भारत माता गली में अचानक वज्रपात हुआ। यह घटना जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष और वजीरगंज बीस सूत्री सदस्य रंजीत कुमार पांडे के घर पर हुई। बिजली गिरने से जेडीयू नेता के घर को भी नुकसान पहुंचा है।
View this post on Instagram
बिजली गिरने की घटना कैमरे में कैद हो गई है। और वो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जानकारी के मुताबिग बिजली गिरने से जेडीयू नेता के घर को भी नुकसान पहुंचा है। उनका बेटा तेजस, प्रिंस और प्रतीक कुमार एक साथ छत पर जाकर रील बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ठनका गिरा। उधर, जिला प्रशासन की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि खराब मौसम के दौरान लोगों को ऊंचे स्थानों से बचकर रहना है। इस वायरल वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। वीडियो में एक लाल कलर का टी शर्ट पहले जेडीयू नेता का बेटा छत पर दिख रहा है।
वो छत की रेलिंग के सहारे खड़ा होकर पहले नीचे झांकता है। उसके बाद वीडियो में बताया जा रहा है कि उसका छोटा भाई तेजस भी आया है। उसके बाद एक बच्चा हाथ में गत्ते का कार्टन लेकर आगे बढ़ता है। तभी अचानक जोर की आवाज के साथ उनके बगल में बिजली गिरती है। उसके बाद तीनों बच्चे आवाक रह जाते हैं। लेकिन बिजली गिरने की ये घटना वीडियो में रिकॉर्ड हो जाती है। वीडियो में आप देख सकते हैं। कैसे अचानक आसमान से आग का गोला गिरता है। बता दें कि गयाजी में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसके साथ ही अरवल और औरंगाबाद जिले में भी खराब मौसम रहने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में कहीं- कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने और ठनका गिरने का खतरा बताया गया है। ध्यान रहे कि खराब मौसम के दौरान छत पर जाना और किसी पेड़ के नीचे खड़ा होना ठीक बात नहीं है।