गुनाः मध्य प्रदेश के गुना जिले में रिफाइंड तेल से भरा टैंकर पलट गया। मिली जानकारी के अनुसार बीनागंज क्षेत्र में एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसने कुछ देर के लिए दुर्घटनास्थल को अलग ही नजारे में बदल दिया। टोड़ी रोड पर ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास इंदौर से मंडीदीप जा रहा पाम ऑयल यानी रिफाइंड तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद तेल लूटने के लिए लोगों में मारामारी मच गई। लोग घर से बाल्टी–डब्बे लेकर पहुंच गए। दरअसल, टैंकर क्रमांक MP 13-4948 इंदौर से मंडीदीप की ओर जा रहा था। इस दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास पाम ऑयल यानी रिफाइंड तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
तेल बहता देखकर ग्रामीण अपने घरों से अलग-अलग बर्तन लेकर पहुंचने लगे। किसी के हाथ में बाल्टी थी तो कोई कैन, पतीला और डिब्बा लेकर तेल भरने में जुट गया। देखते ही देखते मौके पर तेल समेटने की होड़ लग गई। भीड़ इतनी बढ़ गई कि पुलिस को लोगों को हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि यह स्थिति दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए खतरनाक भी थी, क्योंकि पलटे हुए टैंकर और सड़क पर फैले तेल के आसपास फिसलने तथा अन्य दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को दुर्घटनास्थल से दूर रहने की समझाइश दी।
पुलिस की ओर से चेतावनी दी गई कि पलटे हुए टैंकर के पास जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बावजूद कई लोग तेल भरने में जुटे रहे। बताया गया कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। टैंकर चालक ब्यावरा निवासी राकेश मीणा बताया गया है। पुलिस के अनुसार, चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। कथित तौर पर नशे के कारण वाहन पर नियंत्रण बिगड़ा और टैंकर पलट गया।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सामने से कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बाद में क्रेन और ब्यावरा से बुलाई गई हाइड्रा मशीन की मदद से टैंकर को सीधा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने यातायात को भी व्यवस्थित कराया। कैंट और स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना के मामले में चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।