जालंधर, ENS: ‘करतार’ कंपनी की सफेद बस की चपेट में आने से दपंति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर गांव खारला के पास यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय गुरनाम सिंह और 55 वर्षीय पत्नी मंजीत कौर के रूप में हुई है। दोनों बाइक पर सवार होकर आ रहे थे और बस के साथ टक्कर होने पर दोनों की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को दी। मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया और संबंधित थाने की पुलिस को घटना संबंधी सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर निवासी गुरनाम सिंह पत्नी मंजीत कौर के साथ मोटरसाइकिल पर पटियाला गांव जा रहे थे। इसी दौरान तलवाड़ा से जालंधर की तरफ जा रही ‘करतार’ कंपनी की एक तेज रफ्तार सफेद रंग की प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल समेत दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

