पटियालाः जिले के नेताजी सुभाष खेल संस्थान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रैसलिंग हॉल की डाउन सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में खिलाड़ी और अन्य लोग मौजूद थे। शुरुआती खबरों के मुताबिक, इस घटना में 5 से 6 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पटियाला के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छत गिरने के बाद हॉल में धूल भर गई, जिससे कुछ देर के लिए अंधेरा जैसा माहौल हो गया और वहां अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, संस्थान में खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक हॉल की डाउन सीलिंग का हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। सीलिंग गिरने से वहां बैठे कुछ बच्चों और लोगों को चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हॉल को खाली करा लिया गया। हादसे के बाद संस्थान में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, इस मामले पर संस्थान का कोई भी अधिकारी या खिलाड़ी कैमरे के सामने बयान देने के लिए तैयार नहीं हुआ। हादसे के बाद संस्थान में मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई। फिलहाल डाउन सीलिंग गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना ने खेल संस्थान में सुरक्षा व्यवस्थाओं और भवन की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
