ऊना,सुशील पंडित: जिला मुख्यालय ऊना के रामपुर रोड पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल और स्कूटी चालक घायल हो गए। घटना के संबंध में पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:45 बजे रामपुर रोड ऊना में एक मोटरसाइकिल चालक ने अचानक अपने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद मोटरसाइकिल साथ चल रही एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों चालक अपने-अपने वाहनों सहित सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में स्कूटी चालक सुमन कुमार निवासी बैहल्ली मोहल्ला, वार्ड नंबर 10, तहसील व जिला ऊना तथा मोटरसाइकिल चालक विजय कुमार निवासी लाल सिंगी, पुराना होशियारपुर रोड, जिला ऊना घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मोटरसाइकिल चालक विजय कुमार के खिलाफ BNS और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की प्रासंगिक धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।