जनभागीदारी से देशभक्ति, राष्ट्रभक्ति का बनेगा वातावरण
चण्डीगढ: हर घर तिरंगा अभियान को जन जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार की मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत हर घर और हर नागरिक को इस अभियान से जोड़ा जाएगा ताकि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत किया जा सके। हर घर तिरंगा व वंदे मातरम मुहिम का रविवार को झज्जर में भव्य तरीके से आगाज हुआ। हरियाणा के जिला झज्जर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश के नाम संदेश थीम पर प्रचार वाहन शहर के हर वार्ड और ग्रामीण क्षेत्रों के हर गांव में पहुंचेगा।
जिला प्रशासन की ओर से सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के माध्यम से तैयार वीडियो वैन में देश के नाम सन्देश…थीम के साथ जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लिए रवाना की गई। डीसी वर्षा खांगवाल ने वैन पर अपने देश के नाम संदेश लिखकर वैन को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा व वंदेमातरम थीम आधारित सेल्फी पॉइंट का रिबन खोलकर उद्घाटन किया। देश भक्ति की भावना से सराबोर कार्यक्रम में जिला प्रशासन के साथ पूर्व सैनिक भी काफी संख्या में पहुंचे और देश के नाम अपना संदेश देकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति का जज्बा भरने का कार्य किया।
डीसी ने कहा कि हर घर तिरंगा व वन्दे मातरम अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का महाअभियान है। आगामी 17 अगस्त तक जिलाभर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। झज्जर जिला सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है, यहां के असंख्य सैनिक देश सेवा में लगे हुए हैं। झज्जर हरियाणा का एकमात्र जिला है जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रचार वाहन देश के नाम सन्देश के साथ जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँच कर नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक करेगा।
प्रत्येक नागरिक अपने घर प्रतिष्ठान पर पूरे सम्मान से फहराएं तिरंगा
रविवार से राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुए अभियान के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराकर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
अभियान की जागरूकता वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करेगी और नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेगी। गांव हो या शहर, जिले के अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।
तिरंगा देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक
डीसी वर्षा खांगवाल ने हर घर तिरंगा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन की व्यापक भागीदारी का आह्वान किया। सभी संबंधित विभाग और संगठन आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को आगे बढ़ाएं और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा ध्वज संहिता के प्रति भी जागरूक करें। तिरंगा देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
मुहिम के अवसर इंडियन वेटर्न संगठन के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर सुरेंद्र यादव,पैट्रन राजकिशन हारित, महासचिव भूप सिंह, वेटर्न हजारी लाल,कृष्ण कुमार, धर्मवीर सिंह, प्रकाश, राय सिंह, पंकज, लक्ष्मण सिंह, महेंद्र सिंह के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जीएम रोडवेज अनित यादव, डीएसओ सतेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।