रोहतकः जेएलएन नहर में मायना के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर में शव मिलने की सूचना के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान पानीपत के मॉडल टाउन निवासी गुरविंदर सिंह जुनेजा पुत्र संतोख सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरविंदर सिंह पिछले कई दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। शव की पहचान होने की सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों से युवक के लापता होने और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस युवक के लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।