करनालः घरौंडा के दिल्ली चुंगी चौक पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सुबह पार्क में टहलकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया।
मृतक की पहचान घरौंडा निवासी (55) राजकुमार के रूप में हुई है। वह एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार रविवार की सुबह वह रोजाना की तरह घरौंडा के हर्बल पार्क में घूमने गए थे और वापस घर लौट रहे थे।
जैसे ही राजकुमार दिल्ली चुंगी चौक पर पहुंचे, पीछे से आई झज्जर डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और हादसे में उनकी जान चली गई। उन्होंने आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।