वैंकूवरः अल्बर्टा में एक सड़क हादसे में पंजाबी मूल की जेल वॉर्डन सहित तीन लोगों की मौत हो जाने की खबर सामने आई है। ये घटना दोपहर उस समय घटी जब एडमंटन जेल विभाग का एक वाहन एक कैदी को लेकर जा रहा था और उसकी दूसरे वाहन से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एडमंटन इंस्टीट्यूशन फॉर विमेन की करेक्शनल ऑफिसर निकोले (निक) सर्बन और रमणदीप कौर मान के साथ-साथ हिरासत में मौजूद कैदी कियारा मूसवा की भी मौत हो गई।
मृतकों में लुधियाना जिले के गांव गुढ़े की रहने वाली (24) रमणदीप कौर मान भी शामिल हैं। आपको बता दें रमणदीप कुछ साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा आई थीं। मैनिटोबा से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वह करीब एक साल पहले एडमंटन में रहने लगी थी। खेलकूद में गहरी रुचि रखने वाली रमणदीप को लगभग छह महीने पहले ही करेक्शनल सर्विस ऑफ कनाडा में वॉर्डन के रूप में नियुक्त किया गया था।
वाहन टक्कर में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक इसके असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। करेक्शनल सर्विस ऑफ कनाडा के कमिश्नर ने दोनों अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कियारा मूसवा के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उधर, रमणदीप कौर मान के परिवार को हादसे की सूचना मिल गई है। परिवार का रो-रो बुरा हाल है।