मां अस्पताल में भर्ती और नौजवान रूस में फंसा
जालंधर, ENS: रूस में पंजाबियों सहित देश के नौजवान अभी भी फंसे हुए है। वहीं ट्रैवल एजेंट के कारण एक और आकाशदीप नामक नौजवान रूस में फंस गया। दिल्ली एयरपोर्ट से मॉस्को पहुंचने तक के 5 वीडियो में अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए कहा- कोई भी एजेंट के चक्कर में फंसकर रूस मत आना। हमें यहां जंगल में छोड़ दिया है। अब समझ नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? एजेंट ने जो वादे किए, वे हकीकत में बहुत बुरे निकले। रामनगर का रहने वाले आकाशदीप ने बताया कि 15 जून 2026 को वह दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर मॉस्को पहुंचा था। उसे जालंधर के ही एजेंट पवन कुमार ने यहां भेजा। ट्रैवल एजेंट ने कहा था कि उसने मॉस्को में फल तोड़ने का काम करना है और इसके मोटे पैसे मिलेंगे, इसी के साथ रहने को AC कमरे और बढ़िया खाना मिलेगा।
युवक का आरोप है कि एजेंट का आदमी उसे जंगल के बीच बने कबाड़खाने जैसे घर में छोड़ गया है। उसके साथ हरियाणा और राजस्थान के भी युवक हैं। बाथरूम जैसे एक कमरे में 10 लोग सो रहे हैं। उसने कहा कि किसी एजेंट पर भरोसा मत करो। ये युवकों को झांसा देकर रूसी सेना में भर्ती करवा रहे हैं। आकाशदीप ने बताया कि उसे मॉस्को एयरपोर्ट से एजेंट का बंदा लेकर गया। इसके बाद उसे और उसके साथ 10 के करीब लड़कों को जंगल में छोड़ दिया। इन लड़कों में वह अकेला ही पंजाबी है। उसके साथ बाकी लड़के राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं। वे रातों को जंगल में भटकते रहे और किसी तरह जंगल के बीच बने एजेंट के ठिकाने पर पहुंचे।
युवक ने वीडियो में बताया- हमें बीच रास्ते में किसी कबाड़ वाली जगह टूटे से छोटे से कमरे में ठहरा दिया गया है। आगे क्या होगा और कहां लेकर जाएंगे, इसके बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है। यहां 10 लड़के ऊपर-नीचे लगे बिस्तरों पर सोकर रातें काटने को मजबूर हैं। ऐसे हालात पर यहां रोना आ रहा है। मैं ये वीडियो इसलिए शेयर कर रहा हूं, ताकि परिवारवालों को पता चल सके कि मैं पहुंच गया हूं। आकाशदीप ने बताया- मैं आपको अपने रहने की जगह और टॉयलेट भी दिखा देता हूं, ताकि पंजाब में रहने वाले दूसरे युवकों भी पता चल सके कि रूस की जिंदगी कैसी है। जिस किसी ने भी यहां आने का इरादा बनाया हो वे एजेंट के जरिए तो कभी न आएं। ये देखिए मेरा रूम। इसमें गंदे बिस्तर लगे हैं। टॉयलेट का हाल ऐसा है कि दरवाजा टूटा है और इसे खोलकर तो बिल्कुल भी दिखा नहीं सकता।
एजेंट ने पैसा नहीं दिया, जंगल में फंसकर रह गए: आकाशदीप ने कहा कि जंगल से बाहर कैसे निकलें, कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। एजेंट के आदमी से पूछा तो उसने कहा कि उसे पैसा नहीं मिला है, इसलिए जब तक पैसा नहीं आता उन्हें आगे लेकर नहीं जाएगा। आकाशदीप ने कहा कि चारों तरफ देखो, घना जंगल है। यहां से बाहर कैसे जाना है, कोई रास्ता ही नहीं दिखता। आकाशदीप ने वीडियो में बताया- एजेंट पवन ने मुझे रूस भेजने के वक्त कहा था कि तुम्हें वर्क वीजा दिला रहे हैं। यहां आकर पता चला कि ये तो टूरिस्ट वीजा है। जब एजेंट से पूछा तो उसने कहा कि कोई बात नहीं, एक्सटेंड हो जाएगा।
यहां जाकर फिर पूछा तो कहने लगा कि मेरी जिम्मेदारी तुम्हें भेजने की थी। मैंने तुम्हें रूस की जमीन पर उतार दिया। अब मेरी जिम्मेदारी खत्म हो गई है। अब तुम जानो और तुम्हारा काम। तुम्हारे साथ यहां कुछ भी होता है तो मैं जिम्मेदार नहीं होऊंगा। आकाशदीप बोला- मैं यहां फंस गया हूं और मेरी मां जालंधर के अस्पताल में भर्ती है। यह एजेंट सभी को ठगता है, कोई भी इसके झांसे में न आएं। मेरी युवाओं से अपील है कि कोई भी रूस न आए। यहां हरियाणा के भी काफी लड़के हैं। सभी एजेंट मिले हुए हैं और युवकों को यहां भेजकर रूस की सेना में भर्ती करवा रहे हैं। हरियाणा राजस्थान के कई युवकों को जंग में धकेल दिया गया है।