जालंधर, ENS: शहर में त्यौहारी सीजन शुरू होते ही सेहत विभाग की टीम एक्शन मोड में आ गई। इस दौरान सेहत विभाग की अधिकारी कंवलप्रीत कौर बराड़ और डीसी वरिजीत वालिया के दिशा-निर्देशों पर सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के आदेशों की पालना करते हुए आज अल सुबह आयुक्त फूड रजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में फूड सेफ्टी टीम के फूड सेफ्टी अफसर मुकुल गिल, रॉबिन कुमार और रवि नंदन गोयल द्वारा जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स और मॉडल हाउस स्थित एक पनीर सप्लायर की दुकान पर अचानक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मॉडल हाउस स्थित चावला डेयरी मालिक द्वारा शहर में पनीर सप्लाई का काम किया जाता है, जिसकी सेहत विभाग की टीम द्वारा बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान चावला डेयरी के मालिक से दूध और दूध से बने पदार्थों की खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड की मांग की गई। डेयरी के मालिक द्वारा टीम को बताया गया कि उसके द्वारा दूध और दूध से बने पदार्थों को काला संघिया रोड पर बनाया जाता है। टीम द्वारा उसके बताए गए पते पर जाकर उसके साथ काला संघिया रोड की भी जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि उसके द्वारा वहां घी और दही ही बनाया जाता है और पनीर का निर्माण वहां नहीं किया जाता।
दुकान मालिक द्वारा संतोषजनक जवाब ना मिलने के एवज में 2 पनीर, 1 क्रीम, 1 घी और 1 दही के नमूने लेने के उपरांत पनीर और क्रीम में मिलावट के शक के आधार पर सारा स्टॉक जो कि लगभग 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम को मौके पर सील करके जब्त कर दिया गया और टीम द्वारा जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थित राधे डेयरी, लवली डेयरी और सतपाल डेयरी के पास से 3 दूध और 1 घी का नमूना एकत्र किया गया। सभी कुल 9 नमूनों को जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी भेज दिया गया है। इसके साथ ही सीज किए गए स्टॉक के नमूनों की रिपोर्ट जल्द से जल्द भेजने के लिए फूड एनालिस्ट को लिख दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित के खिलाफ बनती विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।