जालंधर, ENS: शहर में 2 दिन की लगातार बारिश के बाद नुकसान की तस्वीरें सामने आई हैं। जालंधर के मलसियां-शाहकोट रोड पर बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के कारण पुल का लेंटर टूटकर गिर गया, जिससे उसका सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। बारिश के बाद जालंधर के फोकल प्वाइंट औद्योगिक क्षेत्र की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। वहीं, लंबा पिंड से फोकल प्वाइंट तक की सर्विस लेन पर कीचड़ जमा होने से रास्ता खतरनाक हो गया है। हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग पर ट्रक तक पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
लंबा पिंड चौक से होशियारपुर जाने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर के पास बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर एक ट्रक पलट गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर यातायात बहाल किया गया। प्रदेश की औद्योगिक गतिविधियों की अहम कड़ी माने जाने वाले फोकल प्वाइंट क्षेत्र की सड़कों से 24 घंटे बाद भी पानी नहीं निकल पाया है। लंबा पिंड चौक से फोकल प्वाइंट तक की सर्विस लेन पर कीचड़ और बारिश का पानी जमा है, जबकि कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है। पानी भरे होने के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे माल लोडिंग और अनलोडिंग के लिए आने-जाने वाले ट्रक अक्सर हादसों का शिकार होकर पलट रहे हैं।