जालंधर, ENS: शहर के भार्गव कैंप इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से बिजली की तारें और एसी के पाइप चोरी कर भाग रहे एक नाबालिग को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे मुकेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह काम करने के लिए बिल्डिंग में पहुंचे थे।
इसी दौरान एक नाबालिग बिल्डिंग के अंदर घुस गया और वहां से बिजली की तारें तथा एसी के पाइप चोरी कर ले जाने लगा। जब उन्होंने उसे सामान लेकर भागते देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आरोपी चोरी का सामान छोड़कर मौके से भागने लगा। इसके बाद मुकेश कुमार ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। घटना की सूचना बिल्डिंग मालिक को भी दी गई।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़ा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बिल्डिंग मालिक के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।