मुंबईः एक्टर प्रदीप रावत का कल कैंसर से निधन हो गया था, पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। रावत का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 2 बजे मुंबई की बेस्ट कॉलोनी के पास गोरेगांव (पश्चिम) में होगा। ये जानकारी प्रदीप रावत के करीबी दोस्त और अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर सांझी की।
आपको बता दें प्रदीप रावत ने लगान और गजनी समेत कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। प्रदीप रावत ने एक्टिंग करियर की शुरुआत बीआर चोपड़ा के टीवी शो महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। हिंदी सिनेमा में उन्होंने लगान, सरफरोश, गजनी और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में दिखाई दिए।
तमिल फिल्म गजनी में उनके डबल रोल को काफी पसंद किया गया। बाद में उन्होंने इसी भूमिका को हिंदी रीमेक गजनी में भी निभाया। इसके अलावा उन्होंने कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी एक्टिंग की थी।