अमृतसर: अगस्त माह आते ही त्यौहारों के पर्व शुरू हो गए है। सावन माह में राखी पर्व को लेकर लोग भारी मात्रा में डाक के जरिए राखी भेजते है, लेकिन लोगों को इस बार डाक घर से राखी भेजने को लेकर बड़ा झटका लगा है। दरअसल, भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ ने डाक कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने कहा कि विभाग में काम का बोझ बढ़ रहा है और लक्ष्य अव्यावहारिक हैं। निजीकरण की नीतियां लागू हो रही हैं।
वहीं कर्मचारियों की भारी कमी है। भारतीय पोस्टल एम्प्लॉइज फेडरेशन ने डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाया है। इसी के चलते, 5 अगस्त को देश भर के डाकघरों में एक दिन की हड़ताल और उसके बाद 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की गई है। इस संबंध में, भारतीय डाक कर्मचारी संघ के पंजाब सर्कल ने अमृतसर स्थित सर्कल मुख्यालय में एक बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता डिवीज़न सेक्रेटरी भूपिंदर सिंह ने की। यूनियन नेताओं ने कहा कि सीनियर अधिकारी कर्मचारियों पर टारगेट पूरा करने का दबाव डाल रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक तनाव हो रहा है।