अबोहरः जिले में बजरंग दल हिंदुस्तान की टीम ने गौवंश से भरे ट्रक को काबू किया है। इस दौरान बजरंग दल ने उक्त ट्रक में 18 गौवंश भरे हुए थे। जिन्हें गांव सप्पांवाली की गौशाला में भिजवा दिया गया। वहीं पुलिस ने इन गौवंश के ले जाने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। बजरंग दल हिंदुस्तान के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि बठिंडा के नजदीक गांव जंडवाला से एक ट्रक में लाद कर गौवंशों को ले जाया जा रहा है। जिस पर गौ प्रेमियों ने उक्त ट्रक का पीछा किया और अबोहर के फाजिल्का रोड पर गांव बुर्जमुहार के पास जब ट्रक को रुकवाना चाहा तो ड्राइवर ने ट्रक को भगाने का प्रयास किया। जिस पर गौ प्रेमियों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रक को घेर कर उस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
वहीं सूचना मिलते ही थाना नंबर 1 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जबकि ट्रक में लादी गई 7 गायों सहित 18 गौवंशों को सुरक्षित तरीके से ट्रक से उतार कर गांव सप्पांवाली की गौशाला में भिजवा दिया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस ट्रक के आगे एक पायलट गाड़ी में सवार कुछ लोग रास्ते की रैकी करते हुए आगे-आगे चल रहे थे, जो फरार हो गए। पता चला है कि ट्रक में लदी गायों को पंजाब से हरियाणा के रास्ते जम्मू-कश्मीर ले जाया जा रहा था।