मंडीः हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हणोगी टनल में आज भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां टनल के अंदर 2 ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक मंडी से कुल्लू, और दूसरा कुल्लू से मंडी की ओर आ रहा था। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे में जान गंवाने वाले लोग धार और इंदौर जिले के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में आयशर ट्रक और टाटा ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों को सीएचसी नगवाईं के मेडिकल ऑफिसर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक और जोनल अस्पताल कुल्लू भेजा गया है। इनमें से दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। यहां पर एक और घायल की जान चली गई है। गौर रहे कि तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। टनल के अंदर यह हादसा पेश आया है। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे की पुष्टि डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने की है। दुर्घटना के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाकर यातायात को सामान्य करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। आगे से ट्रक पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। टनल के बीच में ही क्षतिग्रस्त ट्रक खड़ा हुआ है। उसे वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि 2 घायल का उपचार नगवांई सीएचसी में ही जारी है, जबकि 5 घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कराया हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जिसकी हालात नाजुक बनी हुई है। पंजाब नंबर के ट्रक में शीशा लोड किया गया था।

