लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों के कांवड़िए सावन माह के शुरू होते ही भगवान शिव की आराधना करते हुए यात्रा निकालते हैं। इन्हीं कांवड़ियों के बीच कई ऐसे उपद्रवी भी होते हैं, जो अपनी हरकतों से कांवड़ यात्रा के बीच माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। ऐसा एक मामला लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र स्थित चरक चौराहे से सामने आया है। बताया जाता है कि चरक चौराहे पर बाइक से कांवड़ियों की वेशभूषा में जा रहे कुछ युवकों की स्कूल वैन से टकराव के बाद कहासुनी हो गई, जिसके बाद उन्होंने स्कूल वैन पर पथराव कर दिया। मौके पर भीड़ जमा होती देख सभी उपद्रवी मौके से फरार हो गए।
इस मामले से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद जब चौक थाना प्रभारी से इन प्रकरण पर बात की गई तो उन्होंने पथराव जैसी किसी भी घटना से इनकार कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर कावड़ियों की वेशभूषा में मौजूद उपद्रवियों ने पथराव व डंडे से पीटकर स्कूल वैन के शीशे तोड़ दिए, जिससे वन के भीतर मौजूद बच्चे बुरी तरह घबरा गए। हालांकि इस दौरान वन के भीतर मौजूद बच्चों के गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जाता है कि इस दौरान जब आसपास से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा होना शुरू हो गयी तो सभी उपद्रवी वहां से भाग खड़े हुए।
चरक चौराहे पर चल रहे इस उपद्रव का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जब चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय से इस घटना की जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि पथराव नहीं हुआ है। स्कूल वैन और कांवड़ियों की बाइक के बीच मामूली टक्कर हुई थी। शुरुआती कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गया और सभी वहां से चले गए। हालांकि, घटना के दौरान वहां मौजूद मोहित कश्यप नामक युवक ने कहा कि कांवड़ियों के वेश में उपद्रवी आए थे, जिन्होंने मामूली टक्कर के बाद बच्चों को बेहद गंदी-गंदी गालियां देते हुए अभद्रता की और वैन पर पथराव किया, जिससे वैन के शीशे बुरी तरह से टूट गए हैं।
