तरुण चुघ के मानहानि नोटिस पर भी दिया जवाब
अमृतसरः आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने एक बार फिर अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर BJP तथा केंद्र सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। धालीवाल ने पंजाब में बम धमाकों, ड्रोन गतिविधियों और सीमा सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल उठाए।
मुख्य प्रवक्ता कुलदीप धालीवाल ने कहा कि जब भी देश में लोकसभा या किसी राज्य के चुनाव होते हैं, तो बम धमाके, आतंकवादी हमले और डर का माहौल क्यों बन जाता है? उन्होंने कहा कि पुलवामा, पठानकोट और दीनानगर जैसी घटनाएं भी चुनावों के दौरान ही सामने आईं और इन हमलों में देश के कई जवान शहीद हुए। BJP लोगों के बीच डर और आतंक का माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करती है। जो भी घटनाएं होती हैं, उनकी जांच के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन आज तक किसी भी जांच की पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
धालीवाल ने BSF और सेना के जवानों को आधुनिक तकनीक और एंटी-ड्रोन सिस्टम मुहैया न कराने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र सरकार को बार-बार लिखित मांग पत्र देने के बावजूद जवानों को जरूरी साजो-सामान मुहैया नहीं कराया गया। हाल ही में पंजाब पुलिस ने पठानकोट में ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियार बरामद किए हैं, जो सीमा सुरक्षा के लिए बेहद चिंता का विषय है। पंजाब भी राज्य का हिस्सा है और केंद्र को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए।
वहीं, तरुण चुघ द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेजे गए मानहानि नोटिस पर धालीवाल ने कहा कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा, लेकिन सच बोलना बंद नहीं किया जाएगा। BJP को इस बात का जवाब देना चाहिए कि चुनावों के दौरान बम और धमाकों की राजनीति क्यों शुरू हो जाती है। धालीवाल ने BJP नेताओं द्वारा AAP विधायकों को “भेड़-बकरी” कहे जाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इस संबंध में विधानसभा स्पीकर के पास शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
बेअदबी कानून के मुद्दे पर अकाली दल को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि जब पंजाब विधानसभा में इस कानून पर चर्चा हो रही थी, तब अकाली दल का कोई भी प्रतिनिधि वहां मौजूद नहीं था। यह कानून संत समाज, सिख विद्वानों और विभिन्न दलों से सलाह-मशविरा करने के बाद ही बनाया गया है। पंजाब सरकार नशे, गैंगस्टरों और आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रही है और यह जंग जारी रहेगी।
