ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं फीस वृद्धि के विरोध में चल रहे आंदोलन के क्रम में आज महाविद्यालय प्रबंधन की सद्बुद्धि एवं सकारात्मक सोच के लिए हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया । इकाई मंत्री नवी राजपूत ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखने के बावजूद प्रबंधन द्वारा अब तक उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया है।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि हवन के माध्यम से ईश्वर से प्रार्थना की जा रही है कि महाविद्यालय प्रबंधन को सद्बुद्धि प्रदान हो तथा वह विद्यार्थियों की जायज मांगों को संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ स्वीकार करे। विद्यार्थियों का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि छात्रहित से जुड़े विषयों का न्यायसंगत समाधान करवाना है।
विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा संस्थान विद्यार्थियों के हित, सुविधा और भविष्य को ध्यान में रखकर संचालित किए जाने चाहिए। यदि विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक भार डाला जाता है और उनकी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों को लगातार नजरअंदाज किया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवाज उठाना विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया कि वह हठधर्मिता छोड़कर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करे और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।
ईश्वर से यही प्रार्थना है—महाविद्यालय प्रबंधन को सद्बुद्धि मिले, विद्यार्थियों की आवाज सुनी जाए और छात्रहित में न्यायपूर्ण निर्णय लिया जाए।

