नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री और LJP(R) के अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। मिली जानकारी के अनुसार ये धमकी डाक के जरिए भेजी गई चिट्ठी में दी गई है। जिसमें कहा गया है कि कट्टर आतंकवादी जल्द ही आपकी हत्या कर देंगे। उनके ऑफिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय गृह सचिव को चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी है और जरूरी एक्शन लेने के लिए मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान को भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी में अंग्रेजी में लिखा गया है, ‘You will be killed shortly by hardcore Terrorists’, यानी कट्टर आतंकवादियों द्वारा जल्द ही आपकी हत्या कर दी जाएगी।
कार्यालय की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को लिखे गए पत्र में पूरे मामले की जानकारी देने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई है। सूत्रों के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पत्र कहां से भेजा गया था।