गुरुग्रामः गुरुग्राम में घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची को एक कार सवार युवक ने कुचल दिया। हादसे के दौरान बच्ची की मां पास में ही खड़ी थी। कार सवार युवक ने कार मोड़ते समय टायर बच्ची के ऊपर चढ़ा दिया। युवक एक बार कार से नीचे उतरा, लेकिन इसके बाद मौके से फरार हो गया।
परिजन बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-5 निवासी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि उनकी छोटी बेटी अधिरजा तिवारी (2) घर के सामने गली में खेल रही थी। जिस कार से हादसा हुआ, उसे चला रहा युवक करीब पांच मिनट पहले वहां से गया था। उसने देखा भी था कि कोने पर बच्चे खेल रहे है। उस समय उसने बच्चों को साइड कर दिया था। इसके बाद जब वह वापस आया तो कार मोड़ते समय उसका टायर बेटी के ऊपर चढ़ गया। टायर चढ़ते ही दो सेकेंड में बेटी की सांसें थम गईं।
वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि उन्होंने डायल-112 पर फोन भी किया था और सेक्टर-5 थाने में सूचना दे दी गई है। युवक पास में ही रहता है। SHO सत्यवान ने कहा कि बच्ची की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवा दिया है। पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर एक्सीडेंट करने वाली कार को कब्जे में ले लिया है।