हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। धौलाना के औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी में स्थित फैक्टरी में चंद मिनटों में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर आसपास लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। आनन-फानन में दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। तस्वीरों में देखा जा सकता हैं कि आग कितनी भयंकर है।
View this post on Instagram
आसमान में चारों तरफ काला धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। केमिकल फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों ने फैक्ट्री से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई है। फिलहाल अभी मौके पर आग बुझाने का प्रयास जारी है। करीब एक घंटे के भीतर आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। मौके पर पुलिस बल और दमकल कर्मी लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में लगे हैं।
कंपनी में मौजूद मजदूरों को पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस चौकी के पास बी-12 भूखंड संख्या में केमिकल से थिनर बनाने वाली कंपनी संचालित है। दमकल कर्मियों का कहना है कि लगातार पानी डाला जा रहा है। आग को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही है। इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ है।