चंडीगढ़/अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए शुरू की गई मुहिम के दौरान काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 5 किलोग्राम आईसीई (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) और तीन आधुनिक विदेशी पिस्तौलों समेत गिरफ्तार करके सीमा पार से चलाए जा रहे नशीले पदार्थों एवं अवैध हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव चोगावां निवासी सोहन सिंह और अमृतसर के गांव बंडाला निवासी सलीम के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में दो 9 एमएम और एक .30 बोर का पिस्तौल तथा मैगजीन शामिल हैं।
डीजीपी ने बताया कि इस मॉड्यूल के मुख्य सदस्य की भी पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है, ताकि इस मॉड्यूल में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके और अवैध नशीले पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।