नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह रोड स्थित गांव छारोड़ा बस स्टैंड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को 40 फीट दूर गिरा दिया। हादसे में नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रही एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर लगभग 40 फीट दूर जा गिरा।
अनियंत्रित कार इसके बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार की चपेट में आने से एक नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में घायल कपिल (37) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में निर्माणाधीन मकान के लिए टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। हादसे की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखकर हर कोई दंग रह गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

