जयपुरः शहर के एक गांव से शर्मनाक मामला सामने आया है जहां, मंदिर जा रही एक युवती को 3 युवकों ने अगवा कर उसका गैंगरेप किया। 19 वर्षीय युवती किसी परिचित के साथ मंदिर गई थी। दोनों पहाड़ी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी आरोपी वहां आ गए और युवती के साथी की पिटाई कर उसे बंधक बना लिया और बाद में युवती को सुनसान जगह पर लेजाकर गैंगरेप किया और बाद में मौके से फरार हो गए। युवती जैसे-तैसे आरोपियों के चंगुल से छूटकर शाम को घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद 24 मई को पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
शुरुआत में युवती ने बदनामी के डर से रिपोर्ट देने से इनकार किया था, लेकिन समझाइश और पहचान गोपनीय रखने के आश्वासन के बाद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। युवती ने शिकायत में बताया कि जब युवक-युवती साथ बैठे थे तो तीनों युवकों ने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने दोनों को घेर लिया। घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई और उसके साथ दरिंदगी की गई। वहीं पुलिस ने एफआईआर के बाद टीमों का गठन कर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को फिलहाल बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं। इसके बाद जेल में आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी।

