गुरुग्राम: पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन सभी को कड़ी सुरक्षा के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मालदा टाउन एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया। वहां से तय सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
23 पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम साथ भेजी गई
इन 13 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए एक विशेष एस्कॉर्ट टीम बनाई गई है। इस टीम में एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कुल 23 पुलिसकर्मी शामिल हैं। पूरी यात्रा के दौरान पुलिस इन सभी की सुरक्षा और निगरानी करेगी, ताकि डिपोर्ट की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।
एक महीने से मानेसर सेंटर में रखे गए थे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी विदेशी नागरिकों को करीब एक महीने पहले गुरुग्राम के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच अभियान के दौरान पकड़ा था। इसके बाद से इन्हें मानेसर स्थित एक डिटेंशन सेंटर (होल्डिंग सेंटर) में रखा गया था। सभी जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन्हें वापस बांग्लादेश भेजा जा रहा है।
दस्तावेजों की जांच के दौरान हुई कार्रवाई
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस लगातार शहर में विशेष सत्यापन अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे लोगों के दस्तावेज और पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। इसी दौरान जांच में ये 13 बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहे पाए गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
वैध नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं
एसीपी नवीन शर्मा ने कहा कि जो भारतीय नागरिक और विदेशी नागरिक वैध दस्तावेजों के साथ भारत में रह रहे हैं, उन्हें इस अभियान से डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस केवल उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो अवैध रूप से रह रहे हैं। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बिना वजह परेशान नहीं किया जाएगा।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने साफ कहा है कि इस अभियान को लेकर यदि कोई व्यक्ति झूठी, भ्रामक या मनगढ़ंत अफवाह फैलाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूचना देने की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या अवैध रूप से रह रहा विदेशी नागरिक दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिक अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों और होटल या अन्य व्यावसायिक संस्थानों में काम करने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं।
112 नंबर या नजदीकी थाने में दें सूचना
पुलिस ने कहा कि अगर किसी भी इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति रहता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 112 या अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
