ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा की क्रिकेट टीम को आगामी अंतर महाविद्यालय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में 30 सितंबर 2026 को जिला ऊना के जलेड़ा खेल मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय बंगाणा का मुकाबला राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब के साथ होगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है।
स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. सिकंदर नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में पूरे समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरें तथा अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन करें। टीम मैनेजर प्रो. संजय शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर टीम ने पूरी तैयारी की है। खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी तकनीक, फिटनेस और टीम समन्वय पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीम पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा, टीम मैनेजर प्रो. संजय शर्मा, स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. सिकंदर नेगी, खेल विभाग की सदस्य डॉ. किरण ठाकुर तथा प्रो. कमलेश महाजन सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ ने क्रिकेट टीम को आगामी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफल प्रतियोगिता की कामना की।