जालंधर, ENS: फिल्लौर जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, जीटी रोड पर अज्ञात ट्रक और मुर्गियों से भरे कैंटर की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फ़ोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें किसी राहगीर ने हादसे की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान घटना स्थल पर जाकर देखा गया कि एक कैंटर मछीवाड़ा से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के शहर गगरेट की ओर जा रहा था और जिसमें मुर्गियां लदी हुई थीं, वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के दौरान कैंटर में कुल 3 व्यक्ति सवार थे। जब कैंटर फिल्लौर जीटी रोड पर सीएनजी पम्प के पास गोराया की ओर पहुंचा तो चालक की झपकी लगने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। कैंटर चालक ने बताया कि वे ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सके और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में चालक सहित तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क सुरक्षा फ़ोर्स ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल फिल्लौर भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुश्ताक अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दो घायलों का इलाज जारी है। घटना के संबंध में थाना फिल्लौर के ड्यूटी ऑफिसर को फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

