नई दिल्लीः शेयर बाजार में आज यानी 17 अगस्त को गिरावट है। सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 50 अंक से ज्यादा की गिरावट है, ये 24,300 पर कारोबार कर रहा है। IT, बैंकिंग और FMCG शेयर्स में ज्यादा बिकवाली है। होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वेलरी मार्ट के IPO आज से ओपन हो गए हैं। इनमें निवेशक 19 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। ललिता ज्वेलरी मार्ट इस IPO के जरिए 1,700 करोड़ रुपए और होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स 2,600 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।
शेयर बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की कीमतें में तेजी हैं। ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर करीब 89 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है, ऐसे में महंगे क्रूड ऑयल से देश का आयात बिल बढ़ने, महंगाई और भारतीय कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका बढ़ जाती है। हालांकि, बीते शुक्रवार को विदेशी और घरेलू दोनों निवेशकों (FIIs और DIIs) ने भारतीय बाजारों में खरीदारी की थी, लेकिन ग्लोबल टेंशन के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है।

